जांजगीर-चांपा 10 जुलाई 2026। जांजगीर-चांपा जिले में 16 दिन पहले जिस शादी ने पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोरी थीं, उसी कहानी ने अब नया मोड़ ले लिया है। मंडप में दूल्हे पर नशे में होने का आरोप लगाकर शादी से इनकार करने वाली दुल्हन मुस्कान प्रधान ने अब उसी दूल्हे संत कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया है। दोनों ने खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर में सात फेरे लेकर अपने रिश्ते को दूसरा मौका दिया।
गौैरतलब है कि 23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में आयोजित विवाह समारोह के दौरान मुस्कान प्रधान ने दूल्हे संत कुमार पर नशे में होने का आरोप लगाते हुए शादी करने से इनकार कर दिया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और पूरे प्रदेश में इसकी चर्चा होने लगी। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने भी मुस्कान के फैसले की सराहना की थी। उसे परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
बातचीत से दूर हुई गलतफहमियां
बताया जा रहा है कि शादी टूटने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी रहा। मुस्कान और संत कुमार के मुताबिक उन्होंने फोन पर लगातार बातचीत की और उस दिन हुई पूरी घटना पर विस्तार से चर्चा की। धीरे-धीरे दोनों के बीच की गलतफहमियां दूर हो गईं, जिसके बाद उन्होंने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया। गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र में अपनी ड्यूटी पर पहुंची थी। दोपहर में वह वहां से निकली और सीधे संत कुमार के गांव खोखरा पहुंच गई।
यहां मनका दाई मंदिर में दोनों परिवारों के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दोनों का विवाह संपन्न हुआ। उधर परिवार परामर्श केंद्र से निकलने के बाद मुस्कान घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के अनुसार मुस्कान का मोबाइल बंद आने पर पुलिस और साइबर टीम ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जानकारी मिली कि वह खोखरा के मनका दाई मंदिर में संत कुमार के साथ विवाह कर चुकी है।
फिर चर्चा में आया चर्चित मामला
मुस्कान और संत कुमार का कहना है कि 23 जून को जो कुछ हुआ, वह गलतफहमी और कथित साजिश का परिणाम था। अब सभी भ्रम दूर हो चुके हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से साथ रहने का फैसला किया है। 16 दिन पहले जिस शादी के टूटने की खबर पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी थीए वही रिश्ता अब दोबारा जुड़ने के कारण एक बार फिर सुर्खियों में है।
दूल्हे का दावा….कोल्ड ड्रिंक में मिलाया गया था नशीला पदार्थ
संत कुमार का कहना है कि उन्होंने कभी शराब का सेवन नहीं किया। उनके मुताबिकए शादी वाले दिन किसी ने उनकी कोल्ड ड्रिंक में कथित रूप से नशीला पदार्थ मिला दिया था। जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और लोगों को लगा कि वे नशे में हैं। उसने दावा किया कि पूरी घटना एक साजिश का हिस्सा थी। बाद में उसने मुस्कान से अपनी बात रखी, माफी मांगी और दोनों ने आपसी सहमति से रिश्ते को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।

