कोरबा 20 अक्टूबर 2026। कोरबा में रफ्तार के कहर ने दो युवकों की जान ले ली। बताया जा रहा है कि विजयादशमी पर्व से ठीक पहले ईवी स्कूटी सवार दो युवकों को तेज रफ्तार भारी वाहन ने चपेट में लेकर कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने इस हादसे पर मर्ग कायम कर फरार वाहन चालक की पतासाजी शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा करतला थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम घटित हुआ। मृतकों की पहचान नोनबिर्रा निवासी 24 वर्षीय यशवंत गुप्ता और 20 वर्षीय शुभम गुप्ता के रूम में की गयी है। बताया जा रहा है कि नोनबिर्रा में नौ दिनों तक मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। आज मंगलवार को विजयादशमी पर विसर्जन कार्यक्रम पूरा होने के बाद दोनों युवक इलेक्ट्रिक स्कूटी से पंडित के घर पर पूजा का सामान छोड़ने गए थे।
सामान छोड़कर वापस लौटते समय रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर अज्ञात भारी वाहन ने युवकों की स्कूटी को चपेट में लेकर टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गुप्ता परिवार में कोहराम मच गया। घर में विजयादशमी खुशियां मातम में तब्दील हो गयी। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर करतला थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी गणेश राम यादव ने बताया कि पुलिस टीम ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद भारी वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है।


