कोरबा 23 सितंबर 2026। कोरबा में एक छेड़छाड़ का आरोपी पुलिस को चेकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि युवती से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर थाने लाया था। पुलिस हिरासत में रखे जाने के दौरान आरोपी ने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
जानकारी केे मुताबिक पूरा मामला पसान थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि आरोपी खीरचंद के खिलाफ युवती से छेड़छाड़ के मामले में धारा 354 के तहत केस दर्ज था। पुलिस में अपराध दर्ज होने के बाद वह लंबे समय से फरार चल रहा था। कोर्ट ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया था। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही थी, इसी दौरान उसके बारे में सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान उसने बाथरूम जाने की बात कही।
पुलिसकर्मियों ने उसे बाथरूम जाने दिया। जिसके बाद आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से भाग निकला। आरोपी के भागने की जानकारी मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी। आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस हिरासत से फरार होने का अपराध दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद एक बार फिर पुलिस थानों की सुरक्षा व्यवस्था और आरोपी को हिरासत में रखने के तरीके पर सवाल उठ रहे हैं।


