रायपुर 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। कबीरधाम जिले की पिपरिया तहसील में पदस्थ तहसीलदार प्रमोद कुमार चंद्रवंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों और उनके निराकरण और पब्लिक फीडबैंक की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान कबीरधाम जिले से राजस्व विभाग में शिकायतों के निराकरण में लेटलतीफी और उदासीनता पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी दिखाई जिसके बाद संबंधित पिपरिया तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
गौरतलब है कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 की सेवा शुरू की गयी है। राशन, पेंशन, बिजली, आवास, पेयजल और अन्य नागरिक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अब लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। नागरिक घर बैठे 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज करा रहे हैं और उनके निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं कई जिलों में शिकायत के बाद भी अफसर शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर गंभीर लापरवाही बरतते नजर आ रहे है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों, उनके निराकरण, शिकायतकर्ताओं से लिए जा रहे फीडबैक तथा विभागवार और जिलेवार प्रदर्शन की विस्तृत जानकारी ली।
जिसमें कबीरधाम जिले की पिपरिया तहसील में राजस्व संबंधी शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही मिलने पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी जताते हुए तहसीलदार को निलंबित करने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग पिपरिया तहसीलदार प्रमोद कुमार चंद्रवंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेश में निलंबन अवधि के दौरान प्रमोद कुमार चंद्रवंशी का मुख्यालय जिला कबीरधाम निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। इस कार्रवाई के जरिए सरकार ने शिकायतों के निराकरण में प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर सख्त रुख दिखाया है।



