कोरबा 5 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और लापरवाही अब लगातार लोगों की जान ले रही है। ताजा मामला कोरबा जिले के कटघोरा का है, जहां पत्नी को स्कूल छोड़कर लौट रहे एक शिक्षक की सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बेलगाम रफ्तार और बढ़ते सड़क हादसों और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक घटना कटघोरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक मृतक शिक्षक अजय थवाईत और उनकी पत्नी दोनों शिक्षक है। बुधवार सुबह शिक्षक अजय थवाईत रोज की तरह अपनी पत्नी को एक्टिवा से स्कूल छोड़ने पहुंचे थे। पत्नी को स्कूल गेट पर छोड़ने के बाद जैसे ही वे पैदल सड़क पार करने लगे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
शिक्षक गंभीर चोट के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहा युवक भी घायल हुआ है, जिसे पुलिस ने कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। वहीं बाइक पर पीछे बैठा दूसरा युवक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
साथ ही दुर्घटनाकारित बाइक और फरार युवक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रदेश में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे अब गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं। हाल के दिनों में तेज रफ्तार, लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है। बावजूद इसके सड़क सुरक्षा को लेकर हालात में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा।


