कांकेर 29 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर में कृषि महाविद्यालय के एक प्रोफेसर की शर्मनाक करतूत सामने आयी है। आरोप है कि प्रोफेसर ने कालेज में ही पढ़ने वाली एक छात्रा पर बुरी नजर रखता था और उसने छात्रा को टेलीग्राम के जरिए अश्लील वीडियो भेजा गया। इसके साथ ही छात्रा को प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी देकर परेशान करने का भी आरोप है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक कृषि महाविद्यालय की छात्रा ने मंगलवार को कांकेर के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा ने आरोप लगाया कि कॉलेज में पदस्थ 49 वर्षीय प्रोफेसर पीयूष कांत नेताम ने 25 सितंबर को टेलीग्राम पर उसे अश्लील वीडियो भेजा था।छात्रा के अनुसार, आरोपी पहले भी उससे अश्लील बातें करता था। प्रोफेसर होने के कारण वह शुरुआत में उसकी हरकतों को नजरअंदाज करती रही। लेकिन कथित तौर पर अश्लील वीडियो भेजे जाने और परेशान किए जाने के बाद उसने पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया।
छात्रा ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि प्रोफेसर उसे प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी देता था। आरोप है कि इस तरह उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कोंडागांव जिले का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 75(2), 75(3), 351(2) और आईटी एक्ट की धारा 67(A) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


