बलौदाबाजार 3 सितंबर 2026। बलौदाबाजार जिले के भाटापारा में दो नाबालिग बच्चों के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि मेले में खिलौने की दुकान लगाने वाले एक दुकानदार ने बच्चों पर चोरी का आरोप लगाया और उनके साथ मारपीट व अभद्रता की। इसके बाद उसने बच्चों के साथ गंभीर आपत्तिजनक हरकत की और घटना का वीडियो भी बनवाया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी गोवर्धन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। मामला भाटापारा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक भाटापारा के महारानी चौक में मेला लगा हुआ था। यहां गोवर्धन वर्मा ने खिलौने की दुकान लगाई थी। 28 अगस्त को दुकानदार ने दो नाबालिग बच्चों पर खिलौने चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप है कि इसके बाद उसने दोनों बच्चों के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और उन्हें धमकाया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को इलाके का दबंग बताते हुए बच्चों को डराया-धमकाया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इसके बाद दोनों नाबालिगों के साथ सार्वजनिक जगह पर गंभीर आपत्तिजनक हरकत की। आरोप है कि उसने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनवाया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित बच्चों की पहचान कर उनके बयान दर्ज किए। बच्चों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना का वीडियो आरोपी के कहने पर वहां मौजूद एक व्यक्ति ने बनाया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अब उस व्यक्ति की भी तलाश कर रही है, जिसने कथित तौर पर वीडियो रिकॉर्ड किया था। चूंकि मामले में दोनों पीड़ित नाबालिग हैं, इसलिए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। साथ ही वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर मेले और सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़ित बच्चों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


