सक्ती 12 जुलाई 2026। सक्ती जिले में एक नाबालिग छात्र के साथ कथित अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने छात्र को बीच रास्ते से जबरन उठाया, सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक घटना अड़भार थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, आत्मानंद स्कूल में पढ़ने वाला नाबालिग छात्र शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल के लिए घर से निकला था। आरोप है कि स्कूल के पास चार बाइकों पर सवार 8 से 9 युवक उसे जबरन अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे शनि मंदिर के पीछे स्थित गौठान में ले जाकर मारपीट की गई।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने छात्र के कपड़े उतरवाए, उसके साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की तथा उसकी बाइक की चाबी और नकदी भी छीन ली। किसी तरह छात्र शाम करीब चार बजे घर पहुंचा, जिसके बाद घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
वीडियो में किसी मोबाइल नंबर को लेकर विवाद की बात सुनाई देती है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मारपीट की असली वजह की जांच अभी जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन नाबालिग हैं। नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 67(B) और पॉक्सो एक्ट की धारा 14 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।

