रायपुर 23 अगस्त 2026। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बैगा दंपती की मौत हो गई। वहीं बलरामपुर में कन्हर नदी के तेज बहाव में एक युवक बह गया। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा रही है। कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली का खतरा भी बना हुआ है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और बलरामपुर जिले में सामने आई दो घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक पहली घटना गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र की है। यहां के कटरा ढपनीपानी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बैगा दंपती की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मंगल सिंह और उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक उनके मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से दोनों आंगन में ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों को 108 संजीवनी एक्सप्रेस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
कन्हर नदी में बहा युवक
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में भी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हुआ. रविवार सुबह करीब 9 बजे एक युवक कन्हर नदी के एनीकट को पार करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से वह नदी में बह गया। बताया गया है कि युवक झारखंड के गोदरमाना से छत्तीसगढ़ की तरफ आ रहा था. एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा था, इसी दौरान युवक हादसे का शिकार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची. लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बारिश के बीच नदी-नालों से सावधानी जरूरी
छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में नदी और नाले उफान पर हैं. एनीकट, पुल-पुलिया और निचले इलाकों में पानी का बहाव तेज हो गया है। ऐसे में पानी के ऊपर से गुजरने या उफनती नदी-नालों को पार करने की कोशिश बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली भी लोगों के लिए बड़ा खतरा बनी हुई है. खासकर गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। लगातार बारिश के बीच सामने आई ये घटनाएं बताती हैं कि मौसम के साथ-साथ जलस्तर और आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।


