रायपुर 18 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर में 25 करोड़ रुपये की रंगदारी के मामले में आरोपी शोएब ढेबर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वहीं, उसकी तलाश में जुटी पुलिस की कार्रवाई अब खुद सवालों के घेरे में है। गिरफ्तारी के लिए बनाई गई रणनीति और दबिश से जुड़ी गोपनीय जानकारियां लीक होने की आशंका के बीच पुलिस विभाग ने एक निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने 16 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया। आपको बता दें कि इस प्रकरण में पुलिस की गोपनीय सूचनाएं लीक होने के मामले में अब तक तीन कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। ताजा कार्रवाई में नारायणपुर जिले में पदस्थ निरीक्षक विनीत दुबे को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है।
मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज 25 करोड़ रुपये की रंगदारी के प्रकरण से जुड़ा है। पुलिस शोएब ढेबर की तलाश कर रही है। इसी दौरान आरोपी की गिरफ्तारी के लिए की जा रही कार्रवाई से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं लीक होने की आशंका सामने आई। जानकारी के मुताबिक, खम्हारडीह इलाके में शोएब ढेबर की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देने की तैयारी की थी। लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी सूचनाएं लीक होने की आशंका जताई गई। इस मामले में रायपुर पुलिस कमिश्नर की ओर से 30 अक्टूबर को भेजी गई रिपोर्ट के बाद बस्तर रेंज मुख्यालय ने कार्रवाई की। रिपोर्ट में नारायणपुर जिले में पदस्थ निरीक्षक विनीत दुबे के आचरण को लेकर प्रतिकूल टिप्पणी की गई थी। इसके बाद आईजी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पहले दो आरक्षक भी हो चुके हैं सस्पेंड
गोपनीय सूचनाएं लीक होने के इसी प्रकरण में इससे पहले ACCU के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है। इस तरह अब तक तीन पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई हो चुकी है। 25 करोड़ रुपये की रंगदारी जैसे गंभीर मामले में आरोपी का अब तक फरार रहना और पुलिस की दबिश से पहले ही उसके निकल जाने की घटना कई सवाल खड़े करती है। क्या पुलिस की रणनीति की जानकारी आरोपी तक पहुंच रही थी? विभाग के भीतर गोपनीय सूचनाओं की सुरक्षा में चूक कहां हुई? और लगातार निलंबन के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी कब होगी? फिलहाल शोएब ढेबर की तलाश जारी है। वहीं, पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद इस पूरे प्रकरण में पुलिस की कार्यप्रणाली और गोपनीय सूचना तंत्र पर भी सवाल उठ रहे हैं।



