रायपुर 22 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। 22 और 23 अक्टूबर को होने वाले इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति रायपुर और जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। रायपुर में वह पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। वहीं, 23 अक्टूबर को बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित पारंपरिक मुरिया दरबार में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज सुबह करीब 11:55 बजे रायपुर पहुंचेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। राष्ट्रपति शाम 4 बजे नुआखाई त्योहार के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। अपने प्रवास के दौरान वह जगन्नाथ मंदिर में दर्शन के लिए भी जाएंगी।
कल बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में होंगी शामिल
राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को जगदलपुर में बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी। इस दौरान वह एक सार्वजनिक सभा को भी संबोधित करेंगी। कार्यक्रम दोपहर 12:45 बजे लालबाग मैदान में आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव भी शामिल होंगे। इसके अलावा बस्तर के सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप और महापौर संजय पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी।
बस्तर दशहरा की खास परंपरा है मुरिया दरबार
बस्तर दशहरा अपनी अनूठी परंपराओं और जनजातीय संस्कृति के लिए देशभर में जाना जाता है। मुरिया दरबार इस आयोजन की प्रमुख परंपराओं में से एक है। इसमें बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक व्यवस्था और जनभागीदारी की झलक देखने को मिलती है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मुरिया दरबार में भागीदारी को बस्तर की सांस्कृतिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके दो दिवसीय दौरे के दौरान रायपुर से लेकर बस्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।


