रायपुर 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश में कोल ब्लॉक आवंटन और खनन परियोजनाओं के विरोध में ग्रामीणों के आंदोलन के बीच कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर आदिवासी हितों की अनदेखी का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार के साथ-साथ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को भी निशाने पर लिया है। मीडिया से चर्चा करते हुए बैज ने आरोप लगाया कि एक ओर बीजेपी जनजातीय गौरव दिवस मनाने की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर संकट बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जिन प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया था, आज उन्हीं संसाधनों को निजी उद्योगपतियों के हवाले किया जा रहा है।
दीपक बैज ने बस्तर से सरगुजा तक खनन परियोजनाओं को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि खनन के नाम पर जंगलों की कटाई और जमीन अधिग्रहण किया जा रहा है। प्रभावित आदिवासी ग्रामीण विरोध कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज को दबाया जा रहा है। कांग्रेस ने खास तौर पर धर्मजयगढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित खनन गतिविधियों और तारा कोल ब्लॉकों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। बैज ने पूछा कि जब बीजेपी का राष्ट्रीय नेतृत्व जनजातीय गौरव दिवस मनाने धर्मजयगढ़ जा रहा है, तो क्या नितिन नबीन वहां खनन परियोजनाओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे आदिवासियों से मुलाकात करेंगे? प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने साय सरकार से सवाल किया कि क्या सरकार तारा कोल ब्लॉकों की जनसुनवाई और नीलामी रोकने की घोषणा करेगी? क्या आदिवासियों की जमीन और जंगलों को बचाने की गारंटी देगी?
बैज ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल मंचों से भाषण देने का अवसर नहीं होना चाहिए। आदिवासी समाज का वास्तविक गौरव उनके अधिकारों, जमीन, जंगल और परंपराओं की रक्षा करने में है। जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के बीच कांग्रेस ने कोल ब्लॉक आवंटन और खनन परियोजनाओं को आदिवासी अधिकारों से जोड़कर सरकार को घेरने की कोशिश की है। अब सवाल यह है कि धर्मजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम के दौरान खनन प्रभावित ग्रामीणों के मुद्दे पर बीजेपी नेतृत्व क्या रुख अपनाता है और तारा कोल ब्लॉकों को लेकर राज्य सरकार क्या जवाब देती है? हालांकि, इस पूरे मामले में कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों पर बीजेपी और राज्य सरकार का पक्ष सामने आना बाकी है।



