बिलासपुर 17 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की सियासत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। बिलासपुर दौरे के दौरान सीएम साय ने लगातार चुनावी हार को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पार्टी नेताओं को ‘फ्यूज बल्ब’ करार दिया। वहीं, उनके बयान पर पलटवार करते हुए भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री की भाषा और टिप्पणियों पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को लगता है कि रात में कुछ लेते हैं, सूखा नशा करते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस और विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव हारने से कांग्रेसी बौखला गए हैं और उनकी बातों में अब कोई वजन नहीं रह गया है। कांग्रेस के नेता फ्यूज बल्ब की तरह हो चुके हैं। नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जिन लोगों ने कभी नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में साहस नहीं दिखाया, उन्हें आज नक्सलवाद खत्म करने वाले जवानों का स्वागत करना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री का आशीर्वाद मिला। सरकार और सुरक्षा बलों ने साहस दिखाया, जिसके चलते नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सफलता मिली। सीएम ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की जनता भी नक्सलवाद से ऊब चुकी थी और विकास की मुख्यधारा से जुड़ना चाहती थी। इस अभियान को स्थानीय लोगों का भी समर्थन मिला।
भूपेश बघेल का पलटवार, मुख्यमंत्री पर किया तीखा तंज
मुख्यमंत्री के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि…“मुख्यमंत्री इतने बड़े हो गए हैं कि प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दे रहे थे।”बघेल ने तंज कसते हुए कहा, ‘लगता है रात में कुछ लेते हैं। सूखा नशा करते हैं। कभी प्रधानमंत्री के बारे में बोलते हैं, कभी किसी के बारे में बोलते हैं।’ इस बयान के बाद नक्सलवाद के मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस के साथ ही दोनों नेताओं की व्यक्तिगत बयानबाजी भी चर्चा में आ गई है।
धान खरीदी पर CM का ऐलान, 21 क्विंटल की सीमा तक मिलेगी अंतर की राशि
राजनीतिक बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री साय ने धान खरीदी को लेकर किसानों के हित में एक अहम घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि सरकार ने मोदी की गारंटी के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने का वादा किया है। जिन किसानों का उत्पादन कम होने के कारण 21 क्विंटल धान नहीं हो पाता, उन्हें भी तय सीमा तक अंतर की राशि देने का फैसला किया गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यदि कोई किसान एक एकड़ में 21 क्विंटल के बजाय 12 या 15 क्विंटल धान ही पैदा कर पाता है, तो वास्तविक उत्पादन के बाद बची मात्रा की अंतर की राशि पात्र किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सेंदरी धान खरीदी केंद्र में किसानों से बातचीत के दौरान उदाहरण देते हुए कहा कि एक एकड़ में 15 क्विंटल धान बेचने वाले किसान को शेष 6 क्विंटल की राशि भी दी जाएगी। इस तरह पात्र किसान को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता राशि मिलेगी।सीएम साय ने कहा कि वे किसान के बेटे हैं और खेती-किसानी की परिस्थितियों को समझते हैं। इसलिए सरकार ने किसानों के हित में यह निर्णय लिया है। बिलासपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला कार्यालय में सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ भी किया।



