कांकेर 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भाजपा को एक और राजनीतिक झटका लगा है। नरहरपुर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भोपेश नेताम समेत करीब 100 लोगों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ले ली। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इन सभी को पार्टी में शामिल कराया। कांग्रेस इसे क्षेत्र में अपने संगठन के विस्तार के तौर पर देख रही है, जबकि भाजपा के लिए यह स्थानीय स्तर पर असंतोष का संकेत माना जा रहा है। आपको बता दे पहले भी बीजापुर और सुकमा में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दिया था।
जानकारी के मुताबिक, भोपेश नेताम लंबे समय से भाजपा से नाराज चल रहे थे। उन्होंने अपनी नाराजगी पार्टी फोरम में भी रखी थी, लेकिन समाधान नहीं मिलने के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया। उनके साथ बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ताओं और लोगों ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया। नरहरपुर के इस घटनाक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भोपेश नेताम का पार्टी छोड़ना अहम माना जा रहा है। उनके कांग्रेस में शामिल होने से क्षेत्र की स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है। हालांकि, पार्टी छोड़ने वाले सभी लोगों की विस्तृत सूची और उनके पदों की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
पखांजूर में भी 53 भाजपा कार्यकर्ताओं ने छोड़ी थी पार्टी
कांकेर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं के पार्टी छोड़ने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले पखांजूर के संगम सेक्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत भिंगीडार के आश्रित ग्राम पीवी-124 यानी अविनाशनगर में भाजपा के 53 कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता ली थी। उस समय पार्टी छोड़ने वालों ने सड़क, बिजली बिल, स्वास्थ्य सुविधाओं और किसानों से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा उठाया था। उनका कहना था कि स्थानीय स्तर पर समस्याओं की सुनवाई नहीं होने के कारण उन्होंने भाजपा छोड़ने का फैसला किया। कांकेर के नरहरपुर में हुए दल-बदल से पहले बीजापुर और सुकमा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की खबरें सामने आई थीं।
अलग-अलग जिलों में पार्टी छोड़ने की इन घटनाओं ने भाजपा के संगठनात्मक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज कर दी है। नरहरपुर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष समेत करीब 100 लोगों का कांग्रेस में शामिल होना स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। कांग्रेस इसे भाजपा से नाराज लोगों के उसके साथ आने के तौर पर पेश कर रही है। वहीं, भाजपा के सामने स्थानीय स्तर पर नाराजगी दूर करने और कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़े रखने की चुनौती है। अब देखना होगा कि नरहरपुर का यह दल-बदल आने वाले समय में कांकेर की राजनीति को कितना प्रभावित करता है और भाजपा अपने संगठन में उभर रहे असंतोष को दूर करने के लिए क्या कदम उठाती है।


