वाड्रफनगर 31 अगस्त 2026: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक सड़क हादसे में पुलिस आरक्षक की मौत हो गई। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें वाड्रफनगर पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक रामगोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा चंदौरा थाना क्षेत्र में हुआ। आरक्षक रामगोपाल शनिवार रात नाइट गश्त की ड्यूटी पर थे। ड्यूटी पूरी करने के बाद रविवार तड़के करीब 5 बजे वह पुलिस टीम के साथ वाड्रफनगर चौकी लौटे। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह बिना आराम किए विभागीय काम से प्रतापपुर के लिए रवाना हो गए। वहां काम पूरा करने के बाद बाइक से वाड्रफनगर लौटते समय अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चंदौरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आरक्षक रामगोपाल बाइक से दूर जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही चंदौरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरक्षक रामगोपाल की मौत की खबर मिलने के बाद वाड्रफनगर पुलिस चौकी समेत पूरे पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
सहकर्मियों के मुताबिक, रामगोपाल अपने काम के प्रति बेहद सजग और जिम्मेदार जवान थे। चौकी में भी उनकी अलग पहचान थी।पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके निधन को विभाग के लिए बड़ी क्षति बताया है। उनका कहना है कि ड्यूटी के बीच एक कर्तव्यनिष्ठ जवान का इस तरह असमय चले जाना बेहद दुखद है। रामगोपाल के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार में भी मातम पसरा हुआ है।


