जशपुर 21 जून 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक माह के मासूम बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक पहाड़ी कोरवा परिवार को झाड़-फूंक और बेहतर इलाज का झांसा देकर एक महिला उनके मासूम बच्चे को लेकर फरार हो गई। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार पहाड़ी कोरवा समुदाय का एक परिवार अपने एक माह के बीमार बच्चे का इलाज कराने जिला अस्पताल जशपुर पहुंचा था। इसी दौरान एक महिला ने परिवार से संपर्क किया और बच्चे के बेहतर इलाज तथा झाड़-फूंक कराने का भरोसा दिलाया। महिला ने परिवार का विश्वास जीतते हुए उन्हें अपने साथ बस स्टैंड तक ले गई। बताया जा रहा है कि बस स्टैंड में भोजन करने के दौरान महिला ने मौका पाकर मासूम बच्चे को अपने कब्जे में लिया और वहां से फरार हो गई।
बच्चे के अचानक गायब होने से परिजनों के होश उड़ गए। घबराए परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। मामले की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपी महिला की तलाश तेज कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने बगीचा थाना क्षेत्र में दबिश दी। यहां से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
उसके कब्जे से अपहृत एक माह का मासूम बच्चा भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बच्चे को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने बच्चे का अपहरण किस उद्देश्य से किया था और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल है।
इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर सक्रिय ऐसे लोगों को लेकर चिंता बढ़ा दी है, जो भोले-भाले और जरूरतमंद परिवारों को झांसे में लेकर वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को दें।


