सूरजपुर 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार 12 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सलका-करौटी मुख्य मार्ग पर टईया गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक में फंसकर करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक ये भीषण हादसा चेन्द्रा चौकी क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान देवनाथ और उनकी पत्नी मनबसिया के रूप में हुई है। दोनों अपने दामाद के घर आए हुए थे। वे 12 वर्षीय बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान टईया गांव के पास ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दंपती को गंभीर चोटें आईं और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही चेन्द्रा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हुए चालक की तलाश जारी है।
सूरजपुर जिले में घटित यह भीषण हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। तेज रफ्तार वाहनों और भारी ट्रकों की आवाजाही के बीच आम लोगों की सुरक्षा चुनौती बनी हुई है। एक ही हादसे में दो लोगों की जान चली गई और एक मासूम गंभीर रूप से घायल है। सवाल है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गति नियंत्रण, यातायात नियमों के पालन और खतरनाक मार्गों पर निगरानी जैसे उपाय कब प्रभावी होंगे?


