बलौदाबाजार 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। हादसा बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम दरचुरा के पास हुआ, जहां अंबिकापुर से रायपुर जा रही यात्री बस सड़क पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे के बाद बस में यात्रियों के बीच चीख पुकार मच गयी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की मदद से रेस्क्यू आपरेशन चलाकर यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। बस के बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के कारण बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने बस को गैस कटर की मदद से काटकर बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा हादसा सुबह करीब 5ः30 बजे सिमगा थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास घटित हुआ। बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे पर एक ट्रक खराब होने के बाद सड़क किनारे खड़ा था। उसकी सुरक्षा के लिए पास में स्टॉपर भी लगाया गया था। लेकिन सुबह के वक्त अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की बस क्रमांक सीजी 04 एनएम 0859 का चालक ट्रक के पीछे से जा टकराई। बताया जा रहा है कि बस में 22 यात्री सवार थे। हादसे में बस चालक भागीरथी यादव (37), निवासी जशपुर, बस हेल्पर पवन देवांगन (24) और यात्री समीम मोहम्मद (39), निवासी बलरामपुर, की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
हादसे में एक यात्री का पैर कटकर अलग होने की भी जानकारी सामने आई है। टक्कर के बाद कुछ यात्री बस के भीतर फंस गए थे, जिन्हें बचाव दल ने गैस कटर की मदद से बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को सरकारी अस्पताल सिमगा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, सात गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। शुरुआती जानकारी में घायलों की संख्या 8 से 10 बताई गई है। सिमगा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के मुताबिक, सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे तेज रफ्तार बस टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


