रायपुर 23 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार में है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य और उत्तर हिस्से के कई जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटे तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा, सूरजपुर, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
लगातार बारिश से सूरजपुर के बिहारपुर क्षेत्र में बरगा नदी उफान पर बह रही है। नदी का जलस्तर बढ़ने से आधा दर्जन से अधिक गांवों का मुख्य सड़क संपर्क कट गया है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार कर रहे हैं और कई जगह बाइक को कंधे पर उठाकर दूसरी ओर ले जाने को मजबूर हैं। इधर कोरबा के पड़ोसी जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण मिनीमाता बांगो बांध में भी तेजी से जल भराव हो रहा है।
बांध का जल स्तर बढ़ने के बाद दर्री बांध से हसदेव नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं दक्षिण बस्तर के बीजापुर जिले की छिन्नकवाली पंचायत के पांच गांवों में भी लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई ग्रामीण मार्ग जलमग्न हो गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है।
इन जिलों में विशेष सतर्कता
मौसम विभाग ने सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, जशपुर, कोरबा, बिलासपुर, रायगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, रायपुर, दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा है। वहीं, नदियों के बढ़ते जलस्तर और जलभराव वाले इलाकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

