बलरामपुर 30 अक्टूबर 2026। बलरामपुर जिले में गुरुवार शाम तेज रफ्तार बस और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा कुसमी थाना क्षेत्र में घटित हुआ। बताया जा रहा है कि ग्राम कांची निवासी ननसू राम बरगाह (18), पिता रमेश राम, अपने दोस्त राजू राम के साथ गुरुवार को कुसमी आया था। शाम करीब 5 बजे दोनों बाइक क्रमांक CG 30 F 7908 से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 5:20 बजे ग्राम गोविंदपुर के पास जशपुर की ओर से आ रही पॉपुलर बस से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस और बाइक दोनों की रफ्तार काफी तेज थी।
आमने-सामने की भिड़ंत के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। कोटवार जयप्रकाश की सूचना पर कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कुसमी अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पॉपुलर बस को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बस रोजाना अंबिकापुर से कुसमी और जशपुर होते हुए गुमला तक संचालित होती है। गुरुवार शाम भी बस जशपुर की ओर से यात्रियों को लेकर कुसमी आ रही थी। दोनों युवकों की मौत की सूचना उनके परिजनों को दी गई। खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया। परिजन अस्पताल के लिए रवाना हो गए।


