अंबिकापुर, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बहन की विदाई कराने ससुराल पहुंचे युवकों का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। उदयपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी तीन बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान ग्राम दावा निवासी राहुल यादव की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम परोगिया निवासी घरभरन यादव अपनी बहन की विदाई कराने के लिए स्कॉर्पियो बुक कराकर ग्राम बिनिया पहुंचा था। उसके साथ राहुल यादव और सनी यादव भी थे। बताया जा रहा है कि तीनों युवक शराब के नशे में थे। उनकी हालत देखकर ससुराल पक्ष ने बहन की विदाई करने से मना कर दिया। इसके बाद युवकों का अपने जीजा से विवाद हो गया। विवाद के बाद मामला कुन्नी पुलिस चौकी पहुंचा। पुलिस ने समझाइश देकर शाम करीब सात बजे युवकों को वहां से रवाना कर दिया।
इसके बाद तीनों लखनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने फिर शराब पी। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से उदयपुर की ओर ले जाई जा रही थी। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी तीन बाइक को स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से वाहन लेकर फरार हो गए। बाइक को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो रामगढ़ रोड से लक्ष्मणगढ़ मार्ग की ओर बढ़ी।
इसी दौरान सानीबर्रा के झेरा के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में राहुल यादव और सनी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान राहुल यादव ने दम तोड़ दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।बहन की विदाई को लेकर शुरू हुआ विवाद, शराब सेवन और तेज रफ्तार वाहन चलाने के आरोपों के बीच एक युवक की मौत पर खत्म हुआ। हादसे के मामले में पुलिस की जांच जारी है।


