बिलासपुर 10 अगस्त 2026। बिलासपुर में मेट्रोमोनियल ऐप के जरिए युवती से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने खुद को अविवाहित बताकर युवती का भरोसा जीता और बाद में नौकरी लगाने के नाम पर उससे नकदी और करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर ले लिए। शिकायत के बाद आरोपी फरार हो गया था। तोरवा थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंक लेन-देन से मिले सुरागों के आधार पर आरोपी युवक और उसकी पत्नी को हरियाणा के बल्लभगढ़ से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक कोरबा निवासी 21 वर्षीय युवती बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान सोशल मीडिया की मैट्रिमोनियल साइट के जरिए पामगढ़ निवासी पवन कुमार यादव से हुई। पवन सरकंडा क्षेत्र में रहता था। आरोप है कि उसने युवती से बातचीत के दौरान खुद को अविवाहित बताया और शादी का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास हासिल किया। इसके बाद उसने युवती का दैहिक शोषण किया। बाद में आरोपी ने युवती को नौकरी लगवाने का झांसा दिया और उससे नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवर ले लिए।
पुलिस के अनुसार, इनकी कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये है। युवती ने मामले की शिकायत 9 मार्च को तोरवा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो आरोपी पवन फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी नवीता के साथ लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने पामगढ़ और सरकंडा स्थित उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी का कोई पता नहीं चला। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि पवन के अधिकांश बैंक खाते बंद थे, जबकि उसकी पत्नी नवीता यादव के बैंक खाते में लगातार लेन-देन हो रहा था। पुलिस ने खाते में हुए ट्रांजेक्शन की जांच की तो हरियाणा के बल्लभगढ़ में राशि निकाले जाने की जानकारी मिली। इसी बैंकिंग ट्रेल से पुलिस को आरोपियों के छिपे होने की जगह का सुराग मिला। पुलिस ने बैंक खाते से मिले सुराग की पुष्टि के लिए खाते में एक रुपये का ट्रांजेक्शन किया।
इसके बाद खाते से जुड़े च्वाइस सेंटर और अन्य उपलब्ध जानकारियों की मदद से पुलिस टीम ने बल्लभगढ़ में आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक लेन-देन से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पवन कुमार यादव और उसकी पत्नी नवीता यादव को बल्लभगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को हरियाणा से बिलासपुर लाया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर दोनों को जेल भेज दिया गया है।

