कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पूर्व सरपंच की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मामला केशकाल क्षेत्र के ग्राम अरंडी का है, जहां गोविंद नेताम की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनकी दूसरी पत्नी भगनी नेताम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक घटना के दौरान दोनों नशे की हालत में थे। इसी बीच हुए विवाद के बाद महिला ने टांगी से गोविंद के गले और सिर पर कई वार कर दिए।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात केशकाल थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार घटना वाली रात गोविंद नेताम और भगनी नेताम दोनों नशे में थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर भगनी ने कथित तौर पर टांगी से गोविंद के गले और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण गोविंद की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी।
पुलिस ने तलाश और जांच के बाद उसे बेडमा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोविंद नेताम की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उनकी मुलाकात भगनी नेताम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बताया गया है कि दोनों करीब तीन साल से साथ रह रहे थे। गोविंद ने भगनी को चूड़ियां पहनाकर पत्नी के रूप में स्वीकार किया था।
पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि गोविंद को भगनी के चरित्र पर शक था, जबकि भगनी बार-बार उनसे पैसों की मांग करती थी। इन बातों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस इसी आपसी विवाद को हत्या की वजह मानकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


