बिलासपुर 22 सितंबर 2026: बिलासपुर में पैसों के लालच में चार युवकों को गैंगरेप के झूठे केस में फंसाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस की जांच में हुए इस खुलासे के बाद शिकायतकर्ता नाबालिग समेत पूरी साजिश रचने वाले तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। बताया जा रहा है शिकायतकर्ता नाबालिग को 30 हजार रूपये का लालच देकर चारों युवकों पर गैंगरेप की झूठी रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक नाबालिग को 30 हजार रुपये मिलने का लालच देकर चार युवकों पर गैंगरेप का झूठा आरोप लगाने के लिए तैयार किया गया था। कथित योजना के तहत उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर घटना को वास्तविक दिखाने के लिए कई तरह के सबूत तैयार किए गए। जांच में सामने आया कि महिमा यादव, आर्यन रात्रे और ईशु सिंह ने कथित तौर पर नाबालिग के साथ मिलकर पूरी कहानी तैयार की।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने घटना को वास्तविक दिखाने के लिए कपड़े खराब किए और मौके पर मोबाइल से जुड़े सबूत भी तैयार किए। पुलिस की जांच के मुताबिक, नाबालिग को रात करीब 12 बजे ग्राम सैदा के एक खेत में ले जाया गया। वहां कथित तौर पर ऐसा माहौल बनाया गया, जिससे बाद में पुलिस को गैंगरेप की घटना के सबूत मिल सकें।इसके बाद तीनों आरोपी नाबालिग को सकरी थाने लेकर पहुंचे और चार युवकों—संदीप धीवर, दीपु केंवट, टेगना और शैलेष—के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल, आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को शिकायत में बताई गई घटना और मौके से मिले तथ्यों के बीच विरोधाभास मिले। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग से पूछताछ और अन्य तथ्यों की जांच की, जिसमें पूरी कहानी कथित तौर पर मनगढ़ंत होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने जांच के आधार पर जरहाभाठा मिनीबस्ती निवासी महिमा यादव, आर्यन रात्रे और सकरी निवासी ईशु सिंह के खिलाफ BNS की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस अब इस मामले में कथित साजिश, झूठी शिकायत दर्ज कराने और निर्दोष युवकों को फंसाने के पीछे की पूरी भूमिका की जांच कर रही है। गैंगरेप जैसे गंभीर आरोप में शिकायत दर्ज होने के बाद चार युवक जांच के दायरे में आ गए थे। हालांकि पुलिस की विस्तृत जांच में शिकायत के पीछे कथित साजिश सामने आने के बाद मामले ने पूरी तरह अलग मोड़ ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


