गौरेला-पेंड्रा-मरवाही 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध पेड़ कटाई की जांच करने पहुंचे वन विभाग के डिप्टी रेंजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सेमरहा गांव में सेमल के पेड़ों की कथित अवैध कटाई की जांच कर लौट रहे डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे पर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। आरोप है कि उसने अधिकारी के साथ गाली-गलौज की, थप्पड़ मारा और उनकी वर्दी फाड़ दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी (43) को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 24 अक्टूबर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे अंधियारखोह परिसर में निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सेमरहा गांव में सेमल प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिली। सूचना के आधार पर वे वन प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ मौके पर जांच करने पहुंचे। टीम ने पेड़ों की कटाई से जुड़े तथ्यों को दर्ज करने के लिए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की। जांच की कार्रवाई पूरी करने के बाद जब डिप्टी रेंजर वापस लौट रहे थे, तभी आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी वहां पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जांच और कार्रवाई को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि उसने डिप्टी रेंजर के साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक अपशब्द कहे। इसके बाद डिप्टी रेंजर का हाथ और गर्दन पकड़कर मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। मारपीट में डिप्टी रेंजर की गर्दन पर खरोंच भी आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पर वन विभाग की जमीन पर कब्जा करने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी वजह से वह अवैध पेड़ कटाई की जांच का विरोध कर रहा था। घटना के बाद डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे ने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 121(1), 132 और एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) तथा 3(2)(va) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।अवैध पेड़ कटाई की जांच के लिए पहुंचे वन अधिकारी के साथ हुई मारपीट और वर्दी फाड़ने की इस घटना ने वन अमले की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि जांच के दौरान सामने आए अवैध कटाई और वन भूमि पर कब्जे से जुड़े आरोपों पर वन विभाग आगे क्या कार्रवाई करता है।


