रायपुर 3 सितंबर 2026: सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिला शिक्षा अधिकारी जोईधा राम डहरिया को स्कूल शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके महासमुंद जिले के बसना में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत रहने के दौरान सामने आई कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने आज गुरुवार को निलंबन का आदेश जारी किया।
जानकारी के मुताबिक जोईधा राम डहरिया सारंगढ़-बिलाईगढ़ में DEO बनने से पहले महासमुंद जिले के बसना विकासखंड में BEO के पद पर पदस्थ थे। उनके कार्यकाल के दौरान शासकीय प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूलों के विद्युत देयकों की राशि में आर्थिक अनियमितता किए जाने का आरोप लगा था। आरोप है कि विद्युत देयकों के भुगतान से जुड़े मामले में गड़बड़ी के चलते शासन को वित्तीय नुकसान हुआ। मामले की जांच के दौरान विभाग को गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आने की जानकारी मिली।
जिसके बाद विभाग द्वारा जांच शुरू किया गया। जांच में वित्तीय गबन का खुलासा होने के बाद विभाग ने DEO के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जोईधा राम डहरिया ने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर अनुशासनहीनता की। इसी आधार पर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हलचल है। फिलहाल विभागीय जांच में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं और संबंधित विद्युत देयकों के मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर है।



