कोरबा, 24 अक्टूबर 2026। कोरबा जिले में मोरगा के पास हसदेव नदी पर बने पुल से एक पुलिस सिपाही के छलांग लगाने का मामला सामने आया है। सिपाही की पहचान सुनील बेग के रूप में हुई है, जो सूरजपुर जिले की तारा चौकी में तैनात था। घटना के बाद पुलिस और बचाव दल नदी में उसकी तलाश में जुटे रहे। अंधेरा होने तक उसका पता नहीं चल सका था।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोरगा चौकी क्षेत्र में हसदेव नदी के पुल पर एक युवक दोपहिया वाहन से पहुंचा। उसने अपनी बाइक पुल के किनारे खड़ी की और रेलिंग पर चढ़कर नदी में छलांग लगा दी।
युवक को नदी में कूदते देख मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मोरगा चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी में उसकी तलाश शुरू कराई।
बाइक नंबर से हुई सिपाही की पहचान
पुलिस ने घटनास्थल पर मिली बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर CG 14 MX 1898 के आधार पर वाहन मालिक से संपर्क किया। शुरुआती जांच में नदी में छलांग लगाने वाले युवक की पहचान सुनील बेग के रूप में हुई। वह सरगुजा जिले के शंकरगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है और उसकी तैनाती सूरजपुर जिले की तारा पुलिस चौकी में थी।
सिपाही सुनील बेग ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस नदी में सिपाही की तलाश और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।


