रायपुर, 3 अगस्त 2026। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करने वाली भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रतिभा, संघर्ष और संकल्प का सम्मान है।
राजनांदगांव की रहने वाली ज्ञानेश्वरी यादव ने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों की महिला 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में यह उपलब्धि हासिल कर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने जिस अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ यह मुकाम हासिल किया है, वह प्रदेश के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास से कोई भी सफलता हासिल की जा सकती है। मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उन्होंने ज्ञानेश्वरी से मुलाकात कर उनके बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से भी उन्हें बधाई दी थी। अब मुख्यमंत्री निवास में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए उत्सव और गर्व का अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, बेहतर प्रशिक्षण, उच्चस्तरीय कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल, एशियाई खेलों सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करें और तिरंगा बुलंद करें। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर देना और उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मानित करना राज्य सरकार की खेल नीति का महत्वपूर्ण आधार है। ज्ञानेश्वरी यादव को दिया गया सम्मान इसी सोच का हिस्सा है, जिससे प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों को भी बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।

