जशपुर 24 जुलाई 2026। जशपुर में शुक्रवार को प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर कलेक्टर रोहित व्यास का सख्त रुख देखने को मिला। शहर के विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) के अनुपस्थित मिलने पर कलेक्टर ने नगर पालिका कार्यालय को सील करने के निर्देश दे दिए। राजस्व अधिकारियों की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार्यालय को सील कर दिया। हालांकि कुछ देर बाद सील हटा दी गई, लेकिन इस कार्रवाई से नगर पालिका में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कलेक्टर रोहित व्यास और नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत के साथ पहले से तय था। नगर पालिका अध्यक्ष का दावा है कि निरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एक सप्ताह पहले ही तैयार कर ली गई थी और इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दी गई थी। तय समय पर कलेक्टर, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौके पर पहुंच गए, लेकिन CMO योगेश्वर उपाध्याय मौजूद नहीं थे।
इस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने कलेक्टर से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि CMO न केवल निरीक्षण कार्यक्रम से अनुपस्थित रहे, बल्कि विकास कार्यों और परिषद के फैसलों के क्रियान्वयन में भी लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। शिकायत के बाद कलेक्टर ने CMO से फोन पर संपर्क किया। CMO ने बताया कि वे विभागीय बैठक के सिलसिले में अंबिकापुर स्थित संयुक्त संचालक कार्यालय में हैं। बताया जा रहा है कि कलेक्टर इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और तत्काल CMO कार्यालय को सील करने के निर्देश जारी कर दिए।
आदेश मिलते ही राजस्व विभाग की टीम नगर पालिका कार्यालय पहुंची और CMO कार्यालय को सील कर दिया। हालांकि प्रशासनिक औपचारिकताओं के बाद कुछ समय पश्चात सील हटा दी गई। CMO योगेश्वर उपाध्याय का कहना है कि वे न्यायालयीन कार्य से बिलासपुर गए थे और इसके बाद विभागीय बैठक के लिए अंबिकापुर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वे शाम तक जशपुर लौटने वाले थे।
वहीं दूसरी तरफ नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने कहा कि निरीक्षण का कार्यक्रम पहले से तय था। इसके बावजूद CMO का अनुपस्थित रहना गैर-जिम्मेदाराना रवैया है। उन्होने दलील दी कि यदि अधिकारी समय पर विकास कार्यों की समीक्षा करें तो शहर के विकास में तेजी आएगी।CMO कार्यालय को सील करने की कार्रवाई भले ही कुछ देर बाद वापस ले ली गई, लेकिन इस घटनाक्रम ने यह साफ संकेत दिया है कि जिला प्रशासन विकास कार्यों में लापरवाही और जवाबदेही के मुद्दे पर अब सख्त रुख अपनाने के मूड में है।

