कोरबा 7 सितंबर 2026। कोरबा के जवाहर नवोदय विद्यालय छुरी में रविवार को उस समय माहौल खास हो गया, जब कलेक्टर कुणाल दुदावत सीधे विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनके भविष्य के सपनों को जाना। कलेक्टर ने कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए पूछा कि वे आगे चलकर डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, शिक्षक या किसी अन्य क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य का स्पष्ट होना और उसे हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि पढ़ाई और उच्च शिक्षा के रास्ते में आर्थिक परेशानी को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बताया कि 12वीं के बाद देश के किसी भी सरकारी कॉलेज अथवा उच्च शिक्षण संस्थान में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों की संस्था स्तर पर लगने वाली संपूर्ण फीस जिला प्रशासन द्वारा वहन की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी लगन के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केवल व्यवस्थाओं का जायजा ही नहीं लिया, बल्कि कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया।
उन्होंने उनकी पढ़ाई, रुचि और करियर को लेकर सवाल किए। विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ अपने-अपने लक्ष्य कलेक्टर के सामने रखे। इस दौरान कलेक्टर ने उन्हें लक्ष्य के अनुरूप अभी से तैयारी शुरू करने और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने विद्यालय में पेयजल की समस्या कलेक्टर के सामने रखी। समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पाइपलाइन के माध्यम से विद्यालय में पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर पेयजल समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
विद्यार्थियों ने विद्यालय में बास्केटबॉल ग्राउंड की जरूरत भी बताई। वहीं प्राचार्य जे.पी. गुप्ता ने विद्यार्थियों के लिए ओपन जिम और आधुनिक तीरंदाजी सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की जरूरतों और विद्यालय में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए शैक्षणिक व्यवस्था, भोजन, पेयजल, उपलब्ध सुविधाओं और निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर का यह दौरा विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने पर भी केंद्रित रहा। कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद और उनकी समस्याओं को मौके पर सुनना इस निरीक्षण का प्रमुख हिस्सा रहा। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि बड़े सपने देखने के साथ उन्हें हासिल करने के लिए अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रयास जरूरी है। वहीं प्रशासन की ओर से उच्च शिक्षा के लिए सहयोग का भरोसा विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संदेश रहा। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे, अपर कलेक्टर माधुरी सोम ठाकुर, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य जे.पी. गुप्ता सहित शिक्षक और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


