बिलासपुर 19 जून 2026। बिलासपुर में दर्दनाक हादसे में दो भाईयों की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि मृतक भाई अपनी बहन की फरमाइश पर मोमोज लेकर घर लौट रहे थे। तभी बिलासपुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोयले से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में जा घुसा और पलट गया। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे दोनों भाई ट्रेलर की चपेट में आ गए और उसके नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक बेलतरा निवासी संदीप रजक और उसका छोटा भाई प्रदीप रजक मंगलवार रात बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों अपनी बहन के लिए मोमोज लेकर वापस आ रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक बस स्टैंड के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे नाली निर्माण के लिए करीब चार महीने पहले खुदाई की गई थी। बाद में नेशनल हाईवे अथॉरिटी की आपत्ति के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया, लेकिन सड़क किनारे खोदा गया गड्ढा और निर्माण सामग्री वहीं छोड़ दी गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब आठ बजे बिलासपुर की ओर जा रहा कोयले से भरा ट्रेलर तेज रफ्तार में था। खुदाई वाले हिस्से के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। उसी समय वहां से गुजर रहे बाइक सवार दोनों भाई उसकी चपेट में आ गए। हादसे में जान गंवाने वाले संदीप और प्रदीप अपने परिवार का सहारा थे। पिता की मौत के बाद दोनों भाई अपनी मां और बहन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। संदीप ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रेलर चालक के रूप में कार्यरत था, जबकि प्रदीप मैकेनिक का काम करता था।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। शुरुआती तौर पर पुलिस को लगा कि ट्रेलर के नीचे दबे लोग बाहरी हो सकते हैंए लेकिन वाहन हटाने पर मृतकों की पहचान स्थानीय युवकों के रूप में हुई। इसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शवों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे को समय रहते भर दिया जाताए तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। फिलहाल रतनपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ट्रेलर चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

