रायपुर 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार, 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। यह अवकाश प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में लागू रहेगा। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौजूदा मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव, नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और आवागमन में परेशानी की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में स्कूली बच्चों को खराब मौसम में घर से निकलने के दौरान किसी तरह का जोखिम न उठाना पड़े, इसे देखते हुए 26 सितंबर को पूरे प्रदेश में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की है कि अवकाश के दौरान बच्चों को घर पर ही रखें। साथ ही बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और सतर्क रहें।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को भी निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में अवकाश के आदेश का प्रभावी तरीके से पालन सुनिश्चित किया जाए। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कुछ क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से भी लोगों को उफनते नदी-नालों, जलमग्न सड़कों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की सलाह दी जा रही है। यहीं वजह है कि कल 26 सितंबर को छत्तीसगढ़ के सभी स्कूलों में छुट्टी रहेगी। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।
प्रदेश में बस्तर संभाग सहित अन्य क्षेत्रों में लगातार बारिश से बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति बनी है। प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी जिला कलेक्टरों को राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता से चलाने और जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
आगामी दिनों में लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने को कहा गया है।
मेरे छत्तीसगढ़ के सभी भाई-बहनों से भी आग्रह है कि इस समय सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी ‘एडवाइजरी’ का पालन करें। आप सभी की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) September 25, 2026


