रायपुर 17 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के आरंग में 8 साल के बच्चे के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। बच्चे के लापता होने के कुछ घंटे बाद परिजनों के पास फिरौती के लिए फोन आया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने रेंज साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच और नाकेबंदी शुरू की। करीब 6 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। मामले में दो युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा गया है।
जानकारी के मुताबिक अपहरण की ये वारदात आरंग थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक घटना 16 अक्टूबर की है। बच्चे के पिता इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस मेडिकल स्टोर में काम करते हैं, जबकि उसकी मां नर्स हैं। घटना की सुबह मां बच्चे को मेडिकल स्टोर पर छोड़कर गई थीं। सुबह करीब 9 बजे बच्चा साइकिल चलाने और खेलने की बात कहकर दुकान से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शाम करीब 4 बजे पिता ने आरंग थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। इसी दौरान परिजनों के मोबाइल पर अज्ञात लोगों का फोन आया। फोन करने वालों ने बच्चे को छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की मांग की।
फिरौती की बात सामने आते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी। बच्चे के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। रेंज साइबर सेल की मदद से तकनीकी निगरानी शुरू की गई। पुलिस ने संभावित रास्तों पर नाकेबंदी की और पड़ोसी जिलों को भी अलर्ट किया। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की तलाश के लिए घेराबंदी बढ़ाई। इसी बीच आरोपी बच्चे को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
बलौदाबाजार के गांव में दबिश, तीन आरोपी पकड़े गए
तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में दबिश दी। यहां से दो युवकों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपहरण और फिरौती मांगने की बात स्वीकार की है। हालांकि, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हेमंत उर्फ छोटू निषाद निवासी ग्राम दतरेंगी, जिला बलौदाबाजार, मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू और एक नाबालिग शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइक और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिलने की जानकारी दी गई है। फिलहाल पुलिस अपहरण की साजिश, आरोपियों की भूमिका और फिरौती के लिए किए गए फोन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस घटना में राहत की बात यह रही कि पुलिस ने सूचना मिलने के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, अपहरण के पीछे की पूरी साजिश और आरोपियों के मकसद को लेकर जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।


