बालोद 6 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद में 22 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छात्रा सोमवार को ई-लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी, तभी एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया था। गंभीर रूप से झुलसी छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में एक तरफा प्रेम में इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। हिरासत में लिये गये आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस आज इस मामले का खुलास कर सकती है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मामला एकतरफा प्रेम और लव प्रपोजल ठुकराए जाने से जुड़ा हो सकता है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी छात्रा को पसंद करता था और उसने उसे प्रपोज किया था। छात्रा के इनकार के बाद आरोपी ने अपने दोस्त की मदद से उस पर हमला करवाने की साजिश रची। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस को हमलावर और उसके भागने के रास्ते से जुड़े अहम सुराग मिले।
इसके बाद जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया। रिपोर्टों के मुताबिक, मुख्य आरोपी को बालोद में उसके किराए के मकान से पकड़ा गया, जबकि दूसरे आरोपी को कोंडागांव में बस से पकड़ा गया। उसके साथ एक महिला के भी होने की जानकारी सामने आई है। कोंडागांव पुलिस ने आरोपी करण कुंजाम और एक महिला को पकड़े जाने की पुष्टि की है।
वारदात से पहले दोस्त को बालोद बुलाया
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर अपने बचपन के दोस्त को कुछ दिन पहले बालोद बुलाया था। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दोस्त अपनी महिला मित्र के साथ बालोद पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले मुख्य आरोपी ने अपने दोस्त को छात्रा पर हमला करने के लिए तैयार किया। इसके बाद छात्रा जब लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तभी उस पर एसिड फेंका गया। पुलिस की जांच के मुताबिक साजिश इस तरह रची गई थी कि बाहर से बुलाया गया युवक वारदात के बाद बालोद से निकल जाए और पुलिस की पकड़ में न आए।
लेकिन CCTV और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और दूसरे आरोपी को कोंडागांव में पकड़ लिया। हमले में छात्रा के चेहरे और शरीर के हिस्से झुलस गए हैं। उसे पहले बालोद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। छात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। पुलिस आज मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हमले की पूरी साजिश, एसिड की व्यवस्था और दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।


