कांकेर 20 अक्टूबर 2026। कांकेर जिले में झाड़फूंक से इलाज करने के नाम पर 14 साल की नाबालिग के यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आमागांव के एक बैगा ने बच्ची की बीमारी ठीक करने का झांसा देकर उसे अपने पास बुलाया और नशीली दवा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। 17 अक्टूबर को तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच में उसके करीब पांच महीने की गर्भवती होने का पता चला। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मामला ताड़ोकी थाना क्षेत्र का है। नाबालिग के पिता ने 18 अक्टूबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल को बेटी की तबीयत खराब होने पर वे उसे इलाज के लिए ग्राम आमागांव निवासी रमेश कुमार पिस्दा के पास ले गए थे। आरोप है कि वैद्य का काम करने वाले रमेश ने बच्ची की जांच करने के बहाने उसके पिता को बताया कि उसकी बच्चेदानी में परेशानी है और भविष्य में दिक्कत हो सकती है। इसके बाद उसने बच्ची को एक ताबीज दिया।
शिकायत के मुताबिक, 25 मई को बच्ची के पिता ने काम के सिलसिले में उसे अपने छोटे भाई के साथ दोबारा आरोपी के घर भेजा था। वहां आरोपी कथित तौर पर बच्ची को पूजा घर में ले गया और उसके साथ आए चाचा को दूसरी जगह भेज दिया। आरोप है कि इसके बाद भी बच्ची को कई बार आरोपी के पास ले जाया गया। इन दौरान उसे परिजनों से अलग रखा जाता था। 17 अक्टूबर को नाबालिग की तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजन उसे अंतागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच की। जांच में बच्ची के करीब पांच महीने की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई।
यह पता चलने के बाद परिजनों ने बच्ची से पूछताछ की। शिकायत के अनुसार, नाबालिग ने बताया कि आरोपी उसे कथित तौर पर नशीली दवा देकर बेहोश कर देता था और इसी दौरान उसके साथ यौन शोषण करता था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। नाबालिग के पिता की शिकायत पर ताड़ोकी पुलिस ने रमेश कुमार पिस्दा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 64(2)(m), 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।किया।


