त्रिशूर 5 सितंबर 2026। केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 8 छात्रों की मौत हो गई। हादसा कैपमंगलम के पास पनमपिक्कुन्नू में हुआ। पुलिस के मुताबिक कार सड़क पर निर्माण कार्य के कारण खड़ी लॉरी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसा रात करीब 11:40 बजे हुआ। कार गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर उसी दिशा में खड़ी लॉरी से उसकी टक्कर हो गई। कार में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक मृतकों के तमिलनाडु के एक इंजीनियरिंग कालेज के छात्र होने का अनुमान है। घटनास्थल से डिंडीगुल स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र का पहचान पत्र भी मिला है। बताया जा रहा है कि मृतक सभी छात्र थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। बचावकर्मियों को दो लोगों को बाहर निकालने के लिए कार को काटना पड़ा। बचाव अभियान के बाद सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के मुर्दाघर में भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।


