नई दिल्ली 4 अक्टूबर 2026। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्देश के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में Nestle के Low Fat Dairy Whitener को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली के प्रमुख पांच सितारा होटल द ललित से लिए गए इस उत्पाद के सैंपल की फूड एनालिस्ट रिपोर्ट में गुणवत्ता संबंधी मानकों पर खरा नहीं उतरने की बात सामने आई है। लैब रिपोर्ट के आधार पर संबंधित उत्पाद को Food Safety and Standards Act, 2006 के तहत ‘Unsafe’ और ‘Substandard’ घोषित किया गया है।
रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित उत्पाद की बिक्री, भंडारण और वितरण पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही होटल, रेस्टोरेंट और रिटेल आउटलेट्स में रखे संबंधित स्टॉक को हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा कानून के प्रावधानों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित पक्षों के खिलाफ आगे की दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
कैसे हुई कार्रवाई ?
FSSAI के निर्देश के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दिल्ली के द ललित होटल से Nestle के Low Fat Dairy Whitener का सैंपल लिया था। सैंपल को जांच के लिए फूड लैब भेजा गया। जांच रिपोर्ट में उत्पाद को निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। फिलहाल इस कार्रवाई का असर संबंधित उत्पाद के स्टॉक और इसकी बिक्री पर पड़ सकता है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट और संबंधित विभाग के निर्देशों के आधार पर की जाएगी।


