महासमुंद 18 नवंबर 2026। महासमुंद जिला जेल में बंद 44 वर्षीय कैदी सय्यद अशफाक की आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह करीब 7 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह जेल परिसर में ही गिर पड़ा। जेल प्रशासन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी के बाद जेल प्रबंधन के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मृतक सय्यद अशफाक मूल रूप से बिलासपुर का निवासी था। वह वर्ष 2023 से एनडीपीएस एक्ट के तहत जिला जेल में बंद था। बुधवार सुबह अचानक उसकी तबीयत खराब होने पर जेल प्रशासन ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक तौर पर कैदी की मौत का कारण हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना जेल प्रशासन ने पुलिस और मृतक के परिजनों को दे दी है। शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।


