रायपुर 17 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर अमित जोगी को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री दिवंगत अजीत जोगी के बेटे और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के नेता अमित जोगी मंगलवार को रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े कथित आपत्तिजनक वीडियो के मामले में अपनी गिरफ्तारी देने के लिए थाने पहुंचे हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। हालांकि, थाने पहुंचने को फिलहाल गिरफ्तारी नहीं माना जा सकता है। पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
दरअसल, अमित जोगी पर आरोप है कि उन्होंने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े कथित आपत्तिजनक दृश्यों और भाषा वाला एक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने कथित तौर पर वह पोस्ट हटा लिया था। इसके बाद माफी मांगते हुए एक दूसरा पोस्ट भी किया था। इस मामले में बीजेपी विधायक राजेश मूणत ने अमित जोगी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। वे पार्टी कार्यकर्ताओं और वकीलों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचे थे और लिखित शिकायत सौंपी थी। मूणत का आरोप था कि वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के किरदारों को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है और उनके खिलाफ अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
बीजेपी ने इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के बाद अब अमित जोगी खुद सिविल लाइन थाने पहुंचे हैं। पुलिस उनसे वीडियो, उसके निर्माण और सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने से जुड़े तथ्यों को लेकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है। इस पूरे घटनाक्रम ने छत्तीसगढ़ में बीजेपी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के बीच राजनीतिक टकराव को फिर चर्चा में ला दिया है। अब सवाल है कि पुलिस की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और अमित जोगी के खिलाफ आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है।


