कोरबा 17 नवंबर 2026। नगर निगम कोरबा में महापौर और आयुक्त के बीच फैसलों को लेकर सामनेआए टकराव के बीच आज नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव कोरबा पहुंच रहे हैं। साव जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। लेकिन उनके इस दौरे को लेकर शहर के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में एक और सवाल चर्चा में है, क्या नगरीय प्रशासन विभाग के मंत्री नगर निगम में चल रहे विवाद पर भी संज्ञान लेंगे? ऐसे में उनके दौरे के दौरान निगम के इस विवाद पर सबकी नजर रहेगी।
दरअसल, कोरबा नगर निगम में महापौर संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पांडेय के बीच मतभेद की चर्चा पिछले कुछ समय से चल रही है। हाल ही में बुधवारी बाजार में स्ट्रीट वेंडरों को हटाने के लिए निगम प्रशासन ने दुकानों की जगह टैंकर और अन्य भारी वाहन खड़े करवा दिए थे। इससे सड़क किनारे कारोबार करने वाले छोटे दुकानदारों को परेशानी हुई। दुकानदारों की शिकायत पर महापौर खुद मौके पर पहुंचीं। उन्होंने निगम के वाहनों को हटाने के निर्देश दिए। जब वाहन नहीं हटे तो महापौर स्ट्रीट वेंडरों के साथ सड़क पर बैठ गईं।
इस घटनाक्रम ने महापौर और निगम प्रशासन के बीच समन्वय को लेकर सवाल खड़े कर दिए। बाद में मंत्री लखनलाल देवांगन के हस्तक्षेप और प्रशासनिक निर्देशों के बाद वाहनों को हटाया गया। बुधवारी बाजार का घटनाक्रम केवल स्ट्रीट वेंडरों को दुकान लगाने की जगह देने तक सीमित नहीं रहा। एक तरफ निगम प्रशासन का तर्क सड़क और यातायात व्यवस्था बनाए रखने का है, तो दूसरी तरफ महापौर ने छोटे दुकानदारों के हित में मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। एक ही नगर निगम में प्रशासनिक कार्रवाई और महापौर के निर्देशों के बीच बने इस टकराव ने निर्णय प्रक्रिया और आपसी समन्वय को चर्चा में ला दिया है।
अब अरुण साव के रुख पर नजर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव के पास नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी है। ऐसे में कोरबा नगर निगम का यह मामला उनके दौरे के दौरान अहम राजनीतिक मुद्दा बन सकता है। सवाल यह है कि क्या वे महापौर और आयुक्त के बीच बेहतर समन्वय बनाने के लिए कोई पहल करेंगे? क्या निगम के कामकाज और फैसलों को लेकर अधिकारियों से चर्चा होगी? या फिर उनका कोरबा प्रवास निर्धारित कार्यक्रमों तक ही सीमित रहेगा?
हालांकि, ऐसा नहीं है कि कोरबा नगर निगम में चल रहे इस विवाद की जानकारी प्रदेश नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री अरुण साव को न हो। इसकी संभावना कम ही है। छठ पर्व के दौरान निगम की गाड़ियों को हटवाने के लिए महापौर के खुद सड़क पर बैठने की घटना की चर्चा राजधानी तक पहुंची थी। ऐसे में कोरबा के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या नगरीय प्रशासन विभाग के मंत्री के सामने नगर निगम का यह मामला उठता है? साथ ही, उनके दौरे के बाद निगम में चल रही खींचतान को लेकर क्या तस्वीर सामने आती है? इसका जवाब तो आने वाला वक्त ही देगा।


