कोरबा 10 नवंबर 2026। बच्चों को स्कूल में शिक्षा का पाठ पढ़ाने वाले प्रधान पाठक और गांव के विकास की जिम्मेदारी संभालने वाले सरपंच जब जुए के फड़ में नजर आएं, तो सवाल उठना लाजिमी है। कोरबा के पसान थाना क्षेत्र में पुलिस की छापेमार कार्रवाई ने कुछ ऐसा ही नजारा सामने ला दिया। यहां जुए के फड़ पर पुलिस ने दबिश दी तो सरकारी स्कूल के प्रधान पाठक और ग्राम पंचायत के सरपंच समेत 13 लोग पकड़ में आ गए। पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश, 32 हजार रूपये कैश, मोबाइल फोन और 2 बाइक जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला पसान थाना क्षेत्र के ग्राम तैलियामार का है। बताया जा रहा है कि गांव में दिवाली के एक दिन बाद भी जुए का फड़ सजा हुआ था। ताश के 52 पत्तों के बीच किस्मत आजमाने का खेल चल रहा था। इसी बीच किसी ने इसकी खबर पुलिस तक पहुंचा दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पसान पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस की घेराबंदी होते ही जुए के फड़ में हड़कंप मच गया और 13 लोग पुलिस के हाथ लग गए। इस कार्रवाई में प्राथमिक शाला पंडरीपानी के प्रधान पाठक गजेंद्र यादव और ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच सहदेव आर्मो भी गिरफ्तार किए गए।
यानी एक तरफ बच्चों को किताबों से भविष्य संवारने का पाठ पढ़ाने वाले गुरुजी थे, तो दूसरी तरफ गांव के विकास की जिम्मेदारी उठाने वाले सरपंच। दोनों की मौजूदगी जुए के फड़ में मिली। पुलिस ने मौके से 32 हजार रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, दो बाइक और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी 13 लोगों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। अब सवाल यह है कि जब समाज को सही दिशा दिखाने और जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा शिक्षक और जनप्रतिनिधियों से की जाती है, तो ऐसे लोगों का जुए के फड़ में पकड़ा जाना क्या संदेश देता है? फिलहाल पुलिस की कार्रवाई ने गांव में चर्चा जरूर छेड़ दी है।


