जशपुर, 9 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चार साल के बच्चे की हत्या और उसके शव से अंग निकालने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जल्दी अमीर बनना चाहता था। इसके लिए वह करीब दो साल से AI और इंटरनेट मीडिया पर पैसे कमाने के तरीके तलाश रहा था। पुलिस का दावा है कि मानव अंगों के कारोबार से कमाई करने की योजना के तहत उसने बच्चे की हत्या की और उसके शरीर से अंग निकाल लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब वारदात के संबंध में पूछताछ की, तो आरोपी ने कई चैकाने वाले खुलासे किये, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गयी।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला लोढ़ेनापाठ गांव का है। बच्चे के पिता रामजीत राम ने 7 नवंबर को अपने चार साल के बेटे जितेंद्र के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 5 नवंबर की सुबह उनका ममेरा भाई बासुदेव घर आया और उन्हें शराब पिलाने के बहाने बस स्टैंड ले गया। घर लौटने पर जितेंद्र गायब मिला। परिवार ने गांव और आसपास के खेतों में तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। अगली सुबह तलाश के दौरान गांव के एक खेत में गड्ढे के भीतर कंबल और गोदरी में लिपटा बच्चे का शव मिला। पुलिस ने मौके पर जांच की तो शव से दोनों आंखें और कुछ अंदरूनी अंग गायब मिले। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया। जांच के दौरान एक ग्रामीण ने जितेंद्र को बासुदेव के साथ जंगल की ओर जाते देखने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को जंगल के पास खेत में बनी झोपड़ी से गिरफ्तार किया। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के अनुसार, आरोपी ने पहले बच्चे के पिता को शराब पिलाई। बाद में जितेंद्र को बहलाकर अपने साथ ले गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी बच्चे को खुंटाटांगर ले गया, जहां उसे मुर्गा खिलाया और शराब पिलाई। इसके बाद बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उसकी दोनों आंखें निकालने के साथ पेट और सीना चीरकर दोनों किडनी और फेफड़े भी निकाल लिए।
AI और इंटरनेट मीडिया पर दो साल तक खोजता रहा कमाई का तरीका
पुलिस के अनुसार, आरोपी पांचवीं तक पढ़ा है और खेतों में मजदूरी करता था। वह अपनी आमदनी से संतुष्ट नहीं था और महंगी बाइक सहित दूसरे सामान खरीदना चाहता था। इसी लालच में वह करीब दो साल से AI और अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर जल्दी अमीर बनने के तरीके पूछ रहा था। पुलिस का दावा है कि उसने मानव अंगों के कारोबार से पैसा कमाने की योजना बनाई और अंग निकालने के तरीके की जानकारी जुटाई। इसके बाद उसने अपने ही रिश्ते के भाई के मासूम बच्चे को पहला शिकार बनाने की साजिश रची और हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
दिल्ली से खरीदार आने का कर रहा था इंतजार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को उम्मीद थी कि दिल्ली से कोई व्यक्ति आकर निकाले गए अंग खरीदेगा। दो दिन तक किसी के नहीं पहुंचने पर उसने कथित तौर पर अंगों को बांस के झाड़ के पास गड्ढा खोदकर दबा दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी इंटरनेट मीडिया पर हुई चैटिंग को दिल्ली में बैठे किसी व्यक्ति से बातचीत समझ रहा था। अब मोबाइल की जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किसी दूसरे व्यक्ति की इस मामले में भूमिका थी या नहीं।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चाकू, फावड़ा, मोबाइल फोन और कथित तौर पर निकाले गए अंग बरामद किए हैं। उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में DNA और मोबाइल की जांच सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही न्यायालय में चार्जशीट पेश की जाएगी। पुलिस ने आरोपी को कठोरतम सजा दिलाने का प्रयास करने की बात कही है।


