गरियाबंद 9 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दीपावली की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। राजिम के टीला एनीकट के पास एक कार अनियंत्रित होकर महानदी में जा गिरी। हादसे में कार सवारपति-पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोंगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गयां लेकिन काफी प्रयास के बाद भी कार में सवार परिवार के सदस्यों की जान नहीं बच सकी।
जानकारी के मुताबिक गरियाबदं निवासी शीतल साहू अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने रायपुर गए थे। त्योहार मनाने के बाद पूरा परिवार कार से अपने गांव पसौद लौट रहा था। इसी दौरान गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में टीला एनीकट के पास उनकी कार नदी में गिर गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार सवार चारों लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे वाली जगह से परिवार का गांव पसौद महज तीन किलोमीटर दूर था। घर पहुंचने में करीब 10 मिनट का समय लगता।
परिजनों के मुताबिक, शीतल साहू की आखिरी बार रात करीब 11 बजे परिवार से बात हुई थी। जब रात दो बजे तक वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान टीला एनीकट के चार पिलर टूटे हुए मिले। इसके बाद महानदी में कार दिखाई दी। आशंका जताई जा रही है कि हादसा रात 11 बजे से दो बजे के बीच हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार अनियंत्रित होकर एनीकट से नदी में कैसे गिरी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, बेटे विकास साहू (19) और बेटी पूर्वा साहू (21) के रूप में हुई है। शीतल साहू पत्रकार थे और उनकी कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था। दीपावली की खुशियां मनाकर घर लौट रहा परिवार रास्ते में ही काल के गाल में समा गया। इस हादसे के बाद पसौद गांव में शोक का माहौल है।


