कोरबा 30 अक्टूबर 2026। कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को उद्योग मंत्री एवं नगर विधायक लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन के एसबीएस कॉलोनी और गायत्री नगर में 91.21 लाख रुपये की लागत से होने वाले छह विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सीसी रोड, नाली निर्माण, पेवर ब्लॉक और कंक्रीटीकरण जैसे काम शामिल हैं। निर्माण पूरा होने के बाद संबंधित वार्डों में आवागमन और जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बड़े विकास कार्यों के साथ वार्डों और मोहल्लों की छोटी-बड़ी जरूरतों को भी प्राथमिकता दे रही है। आंतरिक सड़कों और नालियों के निर्माण से नागरिकों को सुविधा मिलेगी और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न मदों से विकास कार्यों के लिए लगातार राशि स्वीकृत की जा रही है। नगर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।
इन छह कार्यों पर खर्च होंगे 91.21 लाख रुपये
भूमिपूजन किए गए कार्यों में वार्ड क्रमांक 27 महाराणा प्रताप नगर में शिव मंदिर के सामने 8.45 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण शामिल है। वार्ड क्रमांक 28 में सामुदायिक भवन अपना घर के पीछे 7.80 लाख रुपये से नाली निर्माण और पेवर ब्लॉक का काम होगा। इसी वार्ड में कैरियर पब्लिक स्कूल के पास 16.50 लाख रुपये की लागत से सड़क बनाई जाएगी। वार्ड क्रमांक 30 गायत्री नगर में 23.46 लाख रुपये की लागत से विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण कराया जाएगा। वार्ड क्रमांक 28 के एसईसीएल क्रमांक-1 अंतर्गत कुआंभट्टा बस्ती में मेहंदीपुर बालाजी हनुमान मंदिर के पास 15 लाख रुपये से नाली निर्माण होगा। वहीं, वार्ड क्रमांक 29 में संतोषी कुटी सहित अन्य स्थानों पर 20 लाख रुपये की लागत से कंक्रीटीकरण, सीसी रोड और नालियों पर कवर निर्माण कराया जाएगा।
शनिवार को भी 1.73 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन
शहर में विकास कार्यों की कड़ी आगे बढ़ाते हुए शनिवार को भी दो स्थानों पर भूमिपूजन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन में विजय अपार्टमेंट के पास दोपहर 3 बजे 75.20 लाख रुपये के कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। इसके बाद कोसाबाड़ी जोन में दादर चौक सामुदायिक भवन के पास शाम 4 बजे 98.15 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन होगा। दोनों स्थानों पर कुल 1 करोड़ 73 लाख 35 हजार रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद धनकुमारी गर्ग, वर्षा वैष्णव, सिमरन कौर, मुकुंद कंवर, नारायण कुर्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


