रायपुर 28 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के असर से मौसम बिगड़ गया है। राजधानी रायपुर और रायगढ़ में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है, जबकि गरियाबंद में देर रात से लगातार बारिश और ठंडी हवाओं का दौर जारी है। ऐसे में शिक्षा विभाग ने मंगलवार को ही जिले के सभी शासकीय और अशासकीय व अनुदान प्राप्त स्कूलों में छु्ट्टी का आदेश जारी कर दिया है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम का ज्यादा असर पड़ने की आशंका के बीच मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के पांच जिलों कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा के लिए रेड अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने का खतरा जताया गया है। खराब मौसम को देखते हुए बस्तर और सुकमा सहित कई जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जगदलपुर समेत बस्तर और सुकमा जिले के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। गरियाबंद और दुर्ग में भी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
सुकमा में कच्चे मकानों और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए सरकारी भवनों में राहत शिविर बनाए गए हैं। कन्या शाला परिसर में वार्ड-12 के नया पारा सुंदर नगर के करीब 50 लोगों को ठहराया गया है। पुलिस और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अक्टूबर को भी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।चक्रवात अर्नब के प्रभाव से राज्य में अगले कुछ समय तक मौसम खराब रह सकता है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
प्रशासन की अपील: बेवजह घर से बाहर न निकलें
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। बिजली चमकने पर खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। तेज हवाओं के दौरान कमजोर छतों और असुरक्षित ढांचों से दूर रहें। मौसम से जुड़े ताजा अपडेट और जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। मौसम संबंधी जरूरी अपडेट: भारत मौसम विज्ञान विभाग के 28 अक्टूबर के पूर्वानुमान में छत्तीसगढ़ के लिए अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि 29 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है।



