बिलासपुर 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में बीच सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला बिलासपुर का निकला है। शुरुआत में इस वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन जांच में पता चला कि घटना बिलासपुर के रिवर व्यू रोड की है। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित कार के मालिक और ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में कार की डिक्की खोलकर उसमें केक और जन्मदिन का टैग रखा दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक युवक सड़क पर आतिशबाजी की तैयारी करता नजर आता है। सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने के कारण यातायात बाधित होने और दुर्घटना की आशंका को लेकर शिकायत की गई थी।
बताया जा रहा है कि नायब तहसीलदार विपिन पटेल की पोस्टिंग रायपुर जिले में है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर शुरुआत में घटना को रायपुर का बताया जा रहा था। हालांकि, पुलिस की जांच में घटना स्थल बिलासपुर का रिवर व्यू रोड सामने आया। पुलिस के मुताबिक, सरजू बगीचा निवासी अमित साहू (35) ने शिकायत में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1 बजे वह रिवर व्यू रोड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार, इससे आवागमन प्रभावित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। अमित साहू ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी थी।
इसके बाद पुलिस ने कार नंबर CG-04-NY-1910 के मालिक और ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सार्वजनिक सड़कों पर केक काटने, आतिशबाजी करने और यातायात बाधित करने की घटनाओं पर हाईकोर्ट पहले भी सख्ती दिखा चुका है। ऐसे मामलों में कार्रवाई और दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने को लेकर राज्य सरकार और पुलिस को निर्देश दिए गए थे। सड़क पर इस तरह जन्मदिन मनाने की घटनाएं न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करती हैं, बल्कि दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर सकती हैं। फिलहाल बिलासपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।


