सूरजपुर 25 अक्टूबर 2026। सूरजपुर में शिक्षिका और उसके बेटे की हत्या के आरोपी परवेश उर्फ प्रवेश कुमार ने शनिवार को खुद को घायल कर आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान इंजेक्शन का एंपुल अपने पास रख लिया था। बाद में उसने एंपुल का शीशा तोड़कर अपने हाथ पर वार कर लिया। इस घटना की जानकारी के बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इसके बाद उसे दोबारा जेल ले जाया गया। वहीं, आरोपी की पत्नी सरिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई है कि रजनी और उनके बेटे की हत्या के बाद अगला निशाना वह खुद हो सकती थी। सरिता का दावा है कि उसके पति ने करीब 10 दिन पहले उसकी मर्जी के बिना एक करोड़ रुपये का बीमा कराया था। उसने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है।
गौरतलब है कि रजनी बरेठ सूरजपुर जिले के केशवपुर स्थित ममता कॉलोनी में अपने बेटे सुजल के साथ किराए के मकान में रहती थीं। वह ग्राम बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में प्रधानपाठिका थीं। 9 अक्टूबर को मां-बेटे की हत्या कर दी गई थी। अगले दिन सुजल का शव महावीरपुर के कोरेया बाड़ी में सड़क किनारे मिला, जबकि रजनी का शव घर के बाथरूम में मिला था। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी ऑटो पार्ट्स का कारोबार करता था और करीब 20 लाख रुपये के कर्ज में डूबा हुआ था। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि वारदात वाले दिन आरोपी ने रजनी से 19 लाख रुपये मांगे थे। रजनी ने पैसे देने से इनकार कर दिया।
इसके बाद हुए विवाद में आरोपी ने कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी। फिर वारदात का राज खुलने के डर से उनके बेटे सुजल की भी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पुलिस शनिवार को आरोपी परवेश उर्फ प्रवेश कुमार को दोहरे हत्याकांड से जुड़े कुछ सामान की बरामदगी के लिए ले गई थी। इसके बाद शाम करीब चार बजे उसे स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया गया कि इसी दौरान आरोपी ने इंजेक्शन का एंपुल अपने पास रख लिया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जब पुलिस उसे जेल ले जा रही थी, तब उसने एंपुल का शीशा तोड़कर अपने हाथ पर वार कर लिया। हाथ पर चोट के निशान दिखने के बाद पुलिस उसे फिर अस्पताल ले गई।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। आरोपी की पत्नी सरिता लकड़ा भी उसी स्कूल में शिक्षिका है, जहां रजनी बरेठ प्रधानपाठिका थीं। दोनों के बीच दोस्ती थी। इस घटना से आहत सरिता ने अपने पति को फांसी की सजा देने की मांग की है। सरिता के मुताबिक वह वर्ष 2022 से प्रवेश के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उसने आरोप लगाया कि करीब 10 दिन पहले पति ने उसकी मर्जी के बिना एक करोड़ रुपये का बीमा कराया था। सरिता ने यह भी बताया कि घटना वाले दिन प्रवेश ने उसे गुमराह करते हुए कहा था कि वह पेंड्रा में है। बीमा कराने की बात और दोहरे हत्याकांड को देखते हुए उसे आशंका है कि आरोपी उसे भी नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहा था।


