कोरबा 21 अक्टूबर 2026। विजयादशमी के पावन अवसर पर बालकोनगर के रामलीला मैदान में बालको सार्वजनिक विजयादशमी समिति द्वारा भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान जी की आकर्षक झांकियों, रामलीला मंचन और रावण दहन ने कार्यक्रम को खास बना दिया। इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक श्री राजेश कुमार सिंह ने रावण दहन किया। कार्यक्रम में बालकोनगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
उत्सव की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान भगवान श्रीराम की आराधना कर कंपनी, कर्मचारियों और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की गई। पिछले दिनों आयोजित रामलीला की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा का संदेश दिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रावण दहन रहा। श्री राजेश कुमार सिंह द्वारा रावण दहन किए जाने के साथ ही मैदान में मौजूद लोगों ने उत्साहपूर्वक विजयादशमी का पर्व मनाया। यह आयोजन असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बना।
49 वर्षों से कायम है परंपरा
बालकोनगर का सार्वजनिक विजयादशमी उत्सव पिछले 49 वर्षों से क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। यह आयोजन धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ ही लोगों के बीच एकता, आपसी सौहार्द और सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा देता है। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह उत्सव बालकोनगर की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक भारतीय परंपराओं एवं जीवन मूल्यों का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।


