दुर्ग 21 अक्टूबर 2026। दुर्ग जिले के रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित जेडी स्टील इंडस्ट्रीज में श्रमिक की मौत के मामले में पुलिस ने प्लांट के डायरेक्टर और ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज की है। आपको बता दे 17 अक्टूबर को इंडक्शन फर्नेस के ट्रायल के दौरान हुए हादसे में 42 वर्षीय श्रमिक संतोष श्रीवास्तव गंभीर रूप से गया था।। चिंताजनक हालत में इलाज के लिए उसे भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में प्लांट संचालन के दौरान तकनीकी गड़बड़ी और लापरवाही की आशंका सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक संतोष कुमार श्रीवास्तव जेडी स्टील इंडस्ट्रीज में काम करते थे। 17 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे प्लांट में इंडक्शन फर्नेस का ट्रायल चल रहा था। इसी दौरान टंडिश मशीन के एक हिस्से का नोजल नीचे आ गया और बड़ी मात्रा में पिघला हुआ लोहा श्रमिक के शरीर पर गिर गया। बताया गया कि पिघले लोहे का तापमान करीब 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस था। इसकी चपेट में आने से संतोष का शरीर बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद उन्हें तत्काल भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान 17 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे संतोष की मौत हो गई।
हादसे के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने कारखाने का निरीक्षण किया था। विभाग की शुरुआती जांच रिपोर्ट के मुताबिक, पिघली धातु के संचालन के दौरान तकनीकी प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई थी। इसके बाद टंडिश की बॉटम प्लेट फट गई और गर्म धातु श्रमिक पर गिर गई। हादसे के बाद सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए जांच पूरी होने तक संबंधित फर्नेस, लैडल, टंडिश, नोजल और कंटीन्यूअस कास्टिंग मशीन (CCM) के संचालन पर रोक लगा दी गई थी। प्लांट प्रबंधन को सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए थे।
प्लांट डायरेक्टर और ठेकेदार के खिलाफ FIR
श्रमिक की मौत के मामले में पुलगांव पुलिस ने जेडी स्टील इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर शिव कुमार गोयल और ठेकेदार गजानंद के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 289 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर दोनों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, हादसे के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की थी। श्रमिक की मौत के बाद अब प्लांट के डायरेक्टर और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जांच में हादसे की परिस्थितियों, सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। इस हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन की ओर से मृतक की पत्नी को 30 लाख रुपये क्षतिपूर्ति के रूप में दिए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। हालांकि, मुआवजा दिए जाने और हादसे की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया अलग-अलग है। पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए किसकी क्या जिम्मेदारी थी।


