जांजगीर-चांपा 17 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जिला जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत के करीब तीन साल बाद बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जगदीश गोंड की मौत के मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आबकारी विभाग के संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि जेल भेजे जाने से पहले आबकारी टीम ने मृतक के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी। इस मामले में थाना नवागढ़ में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की विवेचना की जा रही है।
जांजगीर पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि ये पूरा मामला वर्ष 2022 का है। मृतक जगदीश गोंड (30 वर्ष), निवासी ग्राम कटौद, थाना नवागढ़ की मौत के संबंध में थाना जांजगीर में मर्ग क्रमांक 45/2022 के तहत जांच की जा रही थी। 15 अप्रैल 2022 को आबकारी वृत्त शिवरीनारायण की टीम ने देवरी मोड़, केरा-बिर्रा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए जगदीश गोंड और महादेव गोंड को कथित तौर पर 30 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ पकड़ा था। इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल जांजगीर में दाखिल कराया गया था। पुलिस के अनुसार जेल में दाखिल होने के अगले ही दिन जगदीश गोंड की तबीयत बिगड़ गई।
उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उस समय मामले में मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू की गई थी। मामले की जांच के दौरान सहबंदी के बयान और शव पंचनामा में दर्ज चोट के निशानों के आधार पर यह बात सामने आई कि जेल में दाखिल करने से पहले जगदीश गोंड के साथ आबकारी कर्मचारियों ने कथित तौर पर मारपीट की थी। जांच प्रतिवेदन में इसी मारपीट को उसकी मौत से जुड़ा बताया गया है। मानवाधिकार आयोग की जांच के बाद मामले में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित आबकारी कर्मचारियों के खिलाफ हत्या और साझा मंशा से जुड़े प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज किया है।
वर्ष 2022 में हुई मौत के मामले में अब हत्या का अपराध दर्ज होने से आबकारी विभाग के संबंधित कर्मचारियों की भूमिका जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है। अब जांच में यह स्पष्ट करना महत्वपूर्ण होगा कि कथित मारपीट में किन कर्मचारियों की भूमिका थी और मौत के लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है। जांजगीर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारी अब मृतक की गिरफ्तारी करने वाले आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों से जल्द ही पूछताछ कर इस मामले में आगे की कार्रवाई करने की बात कह रहे है।


